आधुनिक इतिहासकारों ने इनको गुर्जर प्रतिहार लिखना शुरू कर दिया जबकि इन्होंने अपने आप को कभी गुर्जर प्रतिहार नहीं लिखा। इतिहासकार के एम मुन्शी ने अपने पुस्तक ‘ग्लोरीज देट गुर्जरदेश’ में इस विषय का विस्तृत रूप से विवेचन किया है और यह सिद्ध किया है कि प्रतिहार गुर्जर देश के स्वामी होने के कारण इनके विरोधियों ने इनको गुर्जर प्रतिहार परिभाषित कर दिया है। जब इनके शिलालेखों का हम अध्ययन करते है तो प्रतिहारों के शिलालेख तथा कन्नौज के प्रतिहार सम्राटों के शिलालेखों में यह स्पष्ट तौर पर बतलाया गया हैं कि अयोध्या के सम्राट राम के लघु भ्राता लक्ष्मण के वंशज प्रतिहार है। अभिलेखों में इनके वंश निकास का इतना साफ वर्णन आते हुए भी आजकल के कुछ विद्वान हठधर्मी से इन्हें गुर्जर प्रतिहार ही मानते है। यह इतिहास के साथ बहुत बड़ी द्वेषता है। प्रतिहारों का जितना बड़ा साम्राज्य था इनका इतिहास भी उतना ही महान है। भारत और भारत की संस्कृति इनकी बहुत बड़ी ऋणी है। अगर प्रतिहारों और चित्तौड़ के शासक गुहिलोतों ने मिलकर खलीफाओं की महान शक्ति को नहीं रोका होता तो आज भारत की छवि अलग होती तथा भारतीय संस्कृति और यहाँ का धर्म इरान और मिश्र की तरह समूल नष्ट हो गया होता एवं जैसे विद्वान लोग उन देशों की संस्कृति और धर्म का शोध कर रहे है, वैसा ही हाल भारत का होता। अत: भारत प्रतिहारों का बहुत ही आभारी है।
लेखक – देवीसिंह मंडवा