1947 में सत्ता हस्तांतरण के बाद सत्ता में आई कांग्रेस ने लोकतंत्र की शुरुआत ही उसका गला घोंटने के साथ की थी| देश में जब आम चुनाव हुए और देशी रियासतों के राजा-महाराजा चुनावों में खड़े हुए, तो उन्हें जनता का खूब समर्थन मिला| इससे नेहरु को भविष्य में कांग्रेस के हाथों सत्ता खिसकती नजर आई| तब नेहरु ने राजाओं को चुनावों से दूर रहने के लिए उन्हें चेतावनी दी कि जो राजा चुनाव लड़ेंगे, उनका प्रिवीपर्स बंद कर दिया जायेगा| इस तरह नेहरु ने पूर्व राजाओं को चुनावों से दूर रखने का कुचक्र चलते हुए देश में लोकतंत्र की स्थापना के समय ही कुठाराघात कर दिया| यही नहीं राजस्थान में राजाओं-जागीरदारों को समर्थन देने वाले आम राजपूत की कृषि भूमि तक छीनकर लोगों में बाँट दी व बदले में अपना वोट बैंक बनाया|
उसके बाद भी कांग्रेस ने ऐसा कोई चुनाव नहीं छोड़ा, जिसमें लोकतंत्र का मजाक ना उड़ाया हो| जिन राज्यों में कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला, उन राज्यों में खरीद फरोक्त की राजनीति के जरिये बहुमत प्राप्त दल को ठेंगा दिखाते हुए कांग्रेस ने सरकारें बनाई| इस तरह के कई उदाहरण इतिहास में भरे पड़े हैं जब कांग्रेस समर्थित राज्यपालों के सहयोग से कांग्रेस ने बिना बहुमत मिले सत्ता हथियायी है|
आज कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के साथ वही खेल लिया, जो सदियों से कांग्रेस अपने विरोधियों के साथ खेलती आई है| जो बिना बहुमत सत्ता हथियाने के हथकण्डे कांग्रेस ने ईजाद किये थे आज भाजपा ने उसी तरह लागू कर दिए| कर्णाटक में आज कांग्रेस को लोकतंत्र की हत्या नजर आ रही है, पर उसने जो लोकतंत्र की हत्याएं की थी, उस पर वह कभी आत्म-मंथन नहीं करती| मतलब कांग्रेसी उसी को सही मानते है जो उनके मनमाफिक हो|
आज जब कांग्रेस कर्नाटक में बिलबिला रही है तब किसी को उससे सहानुभूति नहीं है, बल्कि लोग चटखारे लेकर कांग्रेस के मजे ले रहे है| कुल मिलाकर कांग्रेस ने जो काँटों के बीज बोये आज उसी की फसल काट रही है और अपने ही बोये कांटे चुभने से बिलबिला रही है|